0
(0)



भागलपुर। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जनगणना-2027, हीट वेव से बचाव, पेयजल व्यवस्था तथा एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।


बैठक के दौरान जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन प्रगणक ब्लॉकों में अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां हर हाल में अगले दिन तक कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने लंबित मामलों को शीघ्र शून्य करने तथा समस्याओं का समाधान पहले प्रखंड स्तर पर करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर जिला स्तर एवं जनगणना निदेशालय से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 24 चार्ज के अंतर्गत 6446 प्रगणक ब्लॉक हैं, जिनमें से 5076 ब्लॉकों में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि शेष में कार्य लंबित है। जिलाधिकारी ने सभी लंबित क्षेत्रों में शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने पर जोर दिया।


इसके बाद हीट वेव एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। नए चापाकलों की सूची उपलब्ध कराने तथा उनकी शीघ्र स्थापना के साथ-साथ चापाकल मरम्मत दलों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

लू से बचाव के लिए सदर अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक एयर कंडीशनर या कूलर युक्त विशेष हीट वेव वार्ड संचालित रखने को कहा गया। सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि सभी अस्पतालों में विशेष वार्ड सक्रिय हैं और आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि केवल गंभीर मरीजों को ही उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाए।


बैठक के दौरान एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालय स्तर पर अभियान की प्रगति सुनिश्चित करने तथा हेडमास्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर अभियान को सफल बनाने पर बल दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: