



नारायणपुर : पंचमुखी बजरंगबली मंदिर के प्रांगण में रविवार को ‘जाति तोड़ो समाज जोड़ो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दलित और वंचित समाज के साथ मंच साझा कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. संजीव पोद्दार ने कहा कि दलित, शोषित और वंचित समाज को पठन-पाठन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जोड़ना ही असली समाज सुधार है। उन्होंने सामूहिक भोजन कर यह संदेश दिया कि हम सभी इंसान एक हैं और जाति या भेदभाव के नाम पर बंटवारा स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वंचित समाज को पुनर्वास और पक्का मकान मिलना चाहिए। जब तक हम बुद्धिजीवी वर्ग के लोग एकजुट होकर काम नहीं करेंगे, तब तक समाज में बदलाव संभव नहीं है और छुआछूत जैसी बुराइयाँ समाप्त नहीं होंगी।

डॉ. संजीव पोद्दार ने आगे कहा कि भ्रष्टाचार और भेदभाव से दूरी बनाकर ही हम न्यायपूर्ण समाज बना सकते हैं। गरीबों, वंचितों और शोषितों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। जब तक अपराध पर अंकुश नहीं लगेगा, तब तक सामान्य और स्वतंत्र जीवन का अधिकार सिद्ध नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि अभी भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के कई लोगों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी कुछ लोग वंचित रह गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुनः सर्वे कराकर वंचित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, प्रत्येक पंचायत में एंटी वेनम दवाई उपलब्ध कराने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ की टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इंजीनियर अशोक पंडित ने की। इस अवसर पर उमेश शर्मा, मिथिलेश कुमार क्रांति, गोपाल शर्मा, बाबू साहब, दयानंद पंडित, संतोष मलिक, पिंटू मलिक, रामदुलारी देवी, शुभूक लाल यादव, सुबेन यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।












