



नवगछिया : नवगछिया पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। मामले को लेकर 06 दिसंबर 2025 को नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पत्रकारों को पूरी जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि बिहपुर थाना को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन से ब्राउन शुगर की खेप बिहपुर की ओर जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए नवगछिया पुलिस अधीक्षक द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई।

उक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ढ़ाला के पास वाहन जाँच शुरू की। इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर- जेएच 21 के 2265 और उसमें सवार चारों व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सोनवर्षा निवासी शिवम कुमार उर्फ मोनु कुमार, पिता जगदीश ईश्वर के पास से कुल 198.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
साथ ही वाहन में सवार अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनमें शामिल हैं:
सोनवर्षा निवासी पियुष कुमार, पिता स्व. अमित चौधरी

भवानीपुर थाना क्षेत्र के बिरबन्ना निवासी राजेश कुमार, पिता गिरधारी कुमार
बिहपुर रेलवे अस्पताल में कार्यरत पूर्णिया जिला, खजांची हाट थाना क्षेत्र के भट्टा बाजार वार्ड 22 निवासी डॉ आलोक कुमार
गिरफ्तार अभियुक्तों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ये लोग अररिया से ब्राउन शुगर लाकर विभिन्न जगहों पर बेचते थे। उनके पास से 4 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं, जिनके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्य चिन्हित कर गिरफ्तार किए जाएंगे।
बिहपुर थाना में इस मामले में कांड संख्या-280/25 दर्ज की गई है। अभियुक्तों के खिलाफ धारा 8(C)/21(B)/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 06 नामजद और अन्य के विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई जारी है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शिवम कुमार और पियुष कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। शिवम के विरुद्ध झंडापुर थाना में दो और पियुष पर एक मामले में आरोप पत्रित हैं।
नवगछिया पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कड़ी चेतावनी मिलती है और यह अपराधियों के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि कानून के शिकंजे से कोई भी बच नहीं सकता।















