



भागलपुर । जिलाधिकारी भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहपुर के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर जयरामपुर को एनक्यूएएस के तहत उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं की सुदृढ़ता तथा मरीजों को दी जा रही बेहतर सुविधाओं के लिए प्रदान किया गया।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुरारी पोद्दार ने कहा कि यह सम्मान पूरे स्वास्थ्य केंद्र की टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, परिवार नियोजन कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन, स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार भट्ट, बीसीएम शमशाद आलम, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी अजीत सिंह, एएनएम संयुक्ता कुमारी एवं प्रीति कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी और बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
यह एनक्यूएएस अवार्ड आयुष्मान आरोग्य मंदिर जयरामपुर द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, सुदृढ़ प्रबंधन एवं टीमवर्क का प्रतीक है, जो जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।














