



भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र अंतर्गत कमालपुर पेट्रोल पंप के समीप सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों की पहचान आजमपुर गांव निवासी गौरव कुमार (17 वर्ष) एवं उनके चाचा जितेंद्र यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर आजमपुर से सन्हौला बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान कमालपुर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात हाइवा वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सन्हौला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में दोनों का उपचार चिकित्सकों की देखरेख में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर सन्हौला थाना पुलिस ने मामले की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।













