



भागलपुर : गरीबों, किसानों और मजदूरों को रोजगार की गारंटी देने के उद्देश्य से शुरू की गई विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन (वीबी–जी राम जी) योजना को लेकर विपक्ष द्वारा भ्रम फैलाने का आरोप बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने लगाया है। वे भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत गौराचौकी पंचायत में आयोजित योजना संबंधी जागरूकता अभियान को संबोधित कर रहे थे।

कृषि मंत्री ने कहा कि पूर्व में संचालित मनरेगा योजना में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं समस्याओं को दूर करने और मजदूरों को अधिक पारदर्शी एवं लाभकारी व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने वीबी–जी राम जी योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत पात्र मजदूरों को वर्ष में 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही पहले की तुलना में अधिक मेहनताना भी दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से राज्य के मजदूरों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा, जिससे बाहर पलायन की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा। सरकार की मंशा है कि हर हाथ को काम और हर परिवार को स्थायी आजीविका का साधन उपलब्ध कराया जाए।

कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि योजना को लेकर राज्य के प्रत्येक प्रखंड में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके लाभ से जुड़ सकें। इसके साथ ही सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था के विस्तार, सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहन देने तथा कृषि उत्पादों के लिए बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर भी लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में नाथनगर विधायक मिथुन यादव, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, विधान पार्षद डॉ. एन. के. यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।













