



नवगछिया : गंगा तट स्थित सैदपुर वैष्णवी दुर्गा मंदिर प्रांगण में नवनिर्मित त्रिकालदर्शी भगवान श्री शिव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा सह श्री रामकथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। गुरुवार को आयोजन के तीसरे एवं विराम दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों द्वारा विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की गई। यह भव्य धार्मिक आयोजन नवगछिया शिव शक्ति योगपीठ के पीठाधीश्वर परमहंस स्वामी आगमानंद महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।

तीसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत गुरु पूजन, गुरु दीक्षा एवं विशेष पूजन से की गई। सायंकालीन सत्र में रामकथा का शुभारंभ गुरु वंदना, गणेश वंदना, मंगलाचरण एवं रामचरितमानस की आरती के साथ हुआ। संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो उठा।

रामकथा के दौरान परमहंस स्वामी आगमानंद महाराज ने प्रवचन करते हुए कहा कि संसार रूपी भवसागर में केवल प्रभु श्रीराम के नाम का जाप, चिंतन और मनन करने से ही मानव जीवन का कल्याण संभव है। प्रभु के नाम में अपार शक्ति है, जिसके प्रभाव से जीवन से अमंगल दूर होता है और केवल मंगल का संचार होता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में सुख-दुख, मंगल-अमंगल लगा रहता है, लेकिन प्रभु भक्ति और मानव कल्याण के मार्ग पर चलकर ही सच्चा जीवन सार्थक होता है।
स्वामी आगमानंद महाराज ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और त्रिकालदर्शी भगवान शंकर की आराधना से अंतकाल में भवसागर से पार पाया जा सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भक्ति, सेवा और सदाचार को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भजन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत एक से बढ़कर एक भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा और श्री रामकथा ज्ञान यज्ञ के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शैलेश कुमार उर्फ बूलो मंडल भी आयोजन में पहुंचे और उन्होंने धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का माध्यम बताया। कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष महेश कुंवर, ग्रामीण नेता नितेंद्र सिंह, पवन सिंह, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।













