0
(0)

नवगछिया। अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्वास) के तहत दो दिवसीय निरीक्षण प्रक्रिया गुरुवार से प्रारंभ हुई। इस निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करना और मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।

एनक्वास टीम में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सुमित कुमार सरकार एवं डॉ. प्रियंका कुमारी ने निरीक्षण के पहले दिन अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थियेटर (ओटी), कार्यालय कक्ष, दवा भंडार सहित अन्य विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था, उपचार पद्धति, दवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज की स्थिति, साफ-सफाई, स्टाफ के व्यवहार तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अनुभवों की जानकारी ली। इसके साथ ही संक्रमण नियंत्रण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन एवं सुरक्षा मानकों की भी विस्तार से जांच की गई।

इस अवसर पर अस्पताल के उपाधीक्षक पिंकेश कुमार एवं अस्पताल प्रबंधक जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने एनक्वास टीम को अस्पताल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, मानव संसाधन की स्थिति तथा वर्तमान में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी।

एनक्वास टीम के सदस्य डॉ. सुमित कुमार सरकार ने बताया कि निरीक्षण के तहत कुल सात विभागों का मूल्यांकन किया जाना है, जिनमें से पांच विभागों का निरीक्षण गुरुवार को पूरा कर लिया गया है। शेष विभागों का निरीक्षण शुक्रवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बिंदु का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कुछ कमियां भी सामने आई हैं, जिनमें सुधार की आवश्यकता बताई गई है। एनक्वास निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य कर्मियों में विशेष सतर्कता और हलचल देखी गई। उम्मीद जताई जा रही है कि निरीक्षण के उपरांत प्राप्त सिफारिशों के आधार पर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: