



भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम क्षेत्र में प्रस्तावित नेशनल हवाई अड्डा निर्माण के विरोध में शुक्रवार को हजारों किसानों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य को रुकवा दिया और सरकार के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताई।
किसानों का कहना है कि हवाई अड्डा निर्माण से उनकी उपजाऊ कृषि भूमि नष्ट हो जाएगी, जिससे उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा कि खेती ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है और जमीन चली जाने की स्थिति में भुखमरी जैसी हालात बन सकती हैं।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार द्वारा प्रस्तावित मुआवजा उनकी जमीन के वास्तविक मूल्य और भविष्य की आजीविका की भरपाई करने में पूरी तरह नाकाफी है। इसी कारण वे किसी भी हाल में अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं और न ही हवाई अड्डे का रनवे बनने देंगे।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन या सरकार जबरन नेशनल हवाई अड्डा निर्माण का कार्य शुरू कराती है तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में अपनी जमीन बचाने का संकल्प दोहराया।













