0
(0)

2 फरवरी तक 60 स्टालों में दिखेगा स्वदेशी उद्यम का हुनर

भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय से निबंधित डुमरामा खादी ग्राम उद्योग संघ के तत्वावधान में डीकेजीएस एमएसएमई ट्रेड फेयर 2026 का भव्य आयोजन शुरू हुआ। मेले का विधिवत उद्घाटन भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष शाह, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य विजय शाह, मंजूषा गुरु मनोज पंडित एवं डुमरामा खादी ग्राम उद्योग संघ के संचालक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंच पर उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं मंजूषा पेंटिंग भेंट कर किया गया। इसके बाद विधायक रोहित पांडे ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय उद्यमियों, बुनकरों तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिलता है।

इस ट्रेड फेयर में कुल 60 स्टाल लगाए गए हैं, जहां खादी, हस्तशिल्प, हथकरघा, ग्रामीण उद्योगों से जुड़े उत्पादों के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है। मेला आम जनता के लिए खुला रहेगा और 2 फरवरी तक चलेगा।

डुमरामा खादी ग्राम उद्योग संघ के कोषाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि यह संस्था पिछले 10 वर्षों से बुनकरों एवं महिला उद्यमियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के ट्रेड फेयर से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध होता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

मेले को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग स्वदेशी उत्पादों को देखने व खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: