


नवगछिया। सहायक सुरक्षा आयुक्त सोनपुर अजय कुमार ने शनिवार को नवगछिया स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पोस्ट की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण तथा यात्री सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
इस मौके पर आरपीएफ इंस्पेक्टर मुन्ना पासी एवं एसआई रामलाल उपस्थित रहे। सहायक सुरक्षा आयुक्त ने विभिन्न रजिस्टरों की जांच करते हुए लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली और सभी पेंडिंग मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों एवं उनके सामान की सुरक्षा आरपीएफ की प्रमुख जिम्मेदारी है। ट्रेनों में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा चोरी और छिनतई की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
सहायक सुरक्षा आयुक्त ने ट्रेन आउट पोस्ट (टीओपी) पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था रोकने के भी निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए जवानों की सक्रियता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने आरपीएफ अधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन, सतर्कता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए स्पष्ट कहा कि यात्री सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












