5
(1)

दो-तीन दिनों तक पुराने बर्तन व चांदी के सामान के बदले देती रही नया सामान, भरोसा होने पर सोने-चांदी के जेवर लेकर हुई गायब

नवगछिया। पुराने बर्तन और जेवर के बदले नया सामान देने का झांसा देकर एक अज्ञात महिला करीब नौ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई। मामला नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला का है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में चिंता और परेशानी का माहौल है। मामले को लेकर नया टोला निवासी चंदन ठाकुर की पत्नी रंजना देवी ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

रंजना देवी के अनुसार, पांच सितंबर को एक अज्ञात महिला अपने साथ एक बच्चे को लेकर उनके घर पहुंची। महिला ने खुद को किसी कंपनी से जुड़ा बताते हुए कहा कि घर में यदि कोई पुराने या टूटे हुए बर्तन हैं तो उन्हें दे दें। इसके बदले अगले दिन इसी समय नया बर्तन देने की बात कही गई। महिला की बातों पर भरोसा करते हुए रंजना देवी ने उसे पुराने बर्तन दे दिए।

आरोप है कि छह सितंबर को महिला दोबारा उनके घर पहुंची और पुराने बर्तन के बदले नया बर्तन देकर चली गई। इसके बाद महिला ने रंजना देवी से कहा कि यदि घर में चांदी की पायल या अन्य चांदी के सामान हैं तो उन्हें भी दिया जा सकता है, क्योंकि कंपनी की ओर से विशेष ऑफर चल रहा है। महिला के बार-बार आने और सामान देने से रंजना देवी को उस पर भरोसा हो गया।

सात सितंबर को भी महिला उनके घर आई और चांदी की पायल तथा बर्तन देकर गई। लगातार दो-तीन दिनों तक महिला के इस तरह सामान देने के कारण परिवार को उस पर विश्वास हो गया।

इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोप है कि आठ सितंबर की सुबह महिला ने रंजना देवी से सोने के जेवर देने को कहा। उसने बताया कि कंपनी की ओर से उस दिन पांच लाख रुपये दिए जाएंगे और दोपहर में कंपनी के लोग फोटो लेने के लिए घर पहुंचेंगे। महिला की बातों पर विश्वास करते हुए रंजना देवी ने अपने सोने और चांदी के जेवर उसे सौंप दिए।

रंजना देवी के अनुसार, उन्होंने सोने का जितिया, चांदी की पायल, मंगलसूत्र सहित अन्य सोने-चांदी के जेवर महिला को दे दिए। इन जेवरों की कुल कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई गई है। जेवर लेने के बाद महिला वहां से चली गई, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी।

काफी समय बीत जाने के बाद जब महिला वापस नहीं आई और न ही कंपनी की ओर से कोई व्यक्ति पहुंचा तो परिवार को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद परिवार के लोगों ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद परिवार के लोग काफी चिंतित और परेशान हैं।

पीड़िता ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर अज्ञात महिला की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने तथा ठगी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस महिला की पहचान और उसके संभावित ठिकाने का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ सहित अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। महिला के साथ मौजूद बच्चे के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: