5
(2)

बाढ़ प्रभावित वार्ड 8 और 9 का किया निरीक्षण, पीड़ित परिवारों से मिले सांसद; सरकारी राहत व्यवस्था पर उठाए सवाल, बाढ़ एवं नाव हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग

भागलपुर। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शुक्रवार को भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गांव के वार्ड संख्या 8 और 9 में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने लगातार बढ़ते जलस्तर और आसपास के बांधों की स्थिति को लेकर अपनी चिंता सांसद के सामने रखी।

बताया गया कि राघोपुर गांव का बड़ा हिस्सा बाढ़ के पानी से प्रभावित है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। वहीं, खैरपुर और अठगामा के समीप बांध की स्थिति को लेकर भी ग्रामीणों में भय बना हुआ है। लोगों ने सांसद को बाढ़ के कारण आवागमन, भोजन, रोजगार और अन्य आवश्यक सुविधाओं में हो रही परेशानियों से अवगत कराया।

सांसद ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अपनी ओर से 100 से अधिक महिलाओं को नगद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। सांसद ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

लोदीपुर निवासी बादल मंडल और सिकंदर मंडल के परिजनों से भी सांसद ने मुलाकात की और अपनी ओर से दोनों परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा कोयली खुटाहा में नाव हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद सांसद ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी।

सरकारी राहत व्यवस्था पर उठाए सवाल

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान पप्पू यादव ने सरकारी राहत व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों तक पर्याप्त सरकारी सहायता नहीं पहुंच रही है। उन्होंने सरकार से तत्काल प्रभावित परिवारों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।

उन्होंने नाव हादसे में प्रभावित सिकंदर मंडल के लिए भी उचित मुआवजा देने की मांग की। कोयली खुटाहा नाव हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिजनों को कम से कम पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग सांसद ने की। वहीं, बांध निर्माण के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

एंटी-इरोजन और फ्लड फाइटिंग कार्यों की जांच की मांग

सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि एंटी-इरोजन और फ्लड फाइटिंग के नाम पर सरकारी राशि खर्च किए जाने के बावजूद उसका अपेक्षित लाभ गरीब और बाढ़ प्रभावित लोगों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था, बांध निर्माण और फ्लड फाइटिंग कार्यों में खर्च की गई राशि की जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि बाढ़ की समस्या केवल भागलपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार के कई जिले इससे प्रभावित हैं। बाढ़ और उससे होने वाली तबाही को गरीबों की नियति नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को समय पर राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

पप्पू यादव ने बांधों की स्थिति की समीक्षा कराने, फ्लड फाइटिंग कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने तथा सरकारी राशि के इस्तेमाल की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

सांसद ने कहा कि बाढ़ और उससे जुड़े मामलों को लेकर वे आगे कानूनी कदम उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत, सुरक्षित आवागमन और बांधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: