5
(1)

दो अलग-अलग मामलों में साइबर ठगों के हाथ गई राशि की हुई रिकवरी, पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

नवगछिया। साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना नवगछिया की पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को ठगी की राशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद दोनों पीड़ितों को कुल 4 लाख 99 हजार रुपये की ठगी गई राशि वापस कराई गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवगछिया थाना क्षेत्र के मक्खातकिया निवासी बिनोद सहनी के पुत्र प्रेम कुमार से साइबर ठगों ने 4 लाख 80 हजार रुपये की ठगी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद साइबर थाना नवगछिया की टीम ने मामले में तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंकिंग माध्यमों से कार्रवाई शुरू की। पुलिस के प्रयास से ठगी गई पूरी 4 लाख 80 हजार रुपये की राशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।

वहीं, नवगछिया थाना क्षेत्र के नवादा निवासी वकील प्रसाद यादव के पुत्र संजय कुमार सुमन भी साइबर ठगी का शिकार हुए थे। उनके साथ 19 हजार रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना नवगछिया ने एमआरएम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी राशि 19 हजार रुपये वापस करा दी।

इस तरह दोनों मामलों में साइबर ठगी की कुल 4 लाख 99 हजार रुपये की राशि पीड़ितों को वापस मिली है। राशि वापस मिलने के बाद पीड़ितों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति संतोष जताया।

पुलिस ने आम लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से संबंधित जानकारी, ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से भी बचें।

पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी की घटना होने पर बिना देरी किए इसकी सूचना संबंधित साइबर थाना या साइबर हेल्पलाइन को देने की अपील की, ताकि ठगी की राशि को समय रहते रोकने और वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: