



नवगछिया क्रिकेट लीग बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित नवगछिया क्रिकेट लीग-1 (टेनिस बॉल क्रिकेट) का दूसरा मुकाबला हाई स्कूल जयरामपुर मैदान में नवगछिया टाइगर और नवगछिया स्टार के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में नवगछिया टाइगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवगछिया स्टार को 79 रन से पराजित कर जीत अपने नाम कर ली।

मैच का उद्घाटन समाजसेवी अनुकूल राज उर्फ झाबो जी ने किया। इस अवसर पर क्रिकेट लीग बोर्ड के अध्यक्ष सरोज झा, सचिव संतोष कुमार सहित अन्य सदस्य एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद दोनों टीमों के बीच मुकाबला शुरू हुआ।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नवगछिया टाइगर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 259 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साजिद खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए, जबकि रोशन ने 92 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवगछिया स्टार की टीम 180 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से अंकित ने 45 रन, रितेश ने 24 रन तथा रोशन माहनामा ने 66 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।

गेंदबाजी में नवगछिया टाइगर के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। रोशन कुमार और राजा ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को संभलने का मौका नहीं दिया। उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रोशन कुमार को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका राजेश कुमार एवं सुधांशु सिंह ने निभाई। लीग के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का तीसरा मुकाबला बोरवा खगड़ा, नवगछिया में नवगछिया सिटी और नवगछिया टाइगर के बीच खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है।














