
@ शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर दिया जोर।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की पहचान, पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दीपावली एवं काली पूजा के दौरान पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त रोशनी और यातायात प्रबंधन को लेकर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें।
वहीं, छठ महापर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेने और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने पुलिस पदाधिकारियों को पर्वों के दौरान पूरी सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों से भी सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया गया।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।














