



भागलपुर जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में मार्शल आर्ट ताइक्वांडो बेल्ट प्रमोशन टेस्ट का आयोजन नवगछिया स्थित हाई स्कूल मैदान में किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य निर्णायक राष्ट्रीय रेफरी सह कोच घनश्याम प्रसाद थे। उन्होंने बताया कि ताइक्वांडो हाथ और पैर से लड़ी जाने वाली एक प्रभावशाली युद्ध कला है, जिसे विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है तथा यह एक ओलंपिक खेल भी है। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो सीखने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, आत्मविश्वास बढ़ता है और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित होती है।

इस अवसर पर ताइक्वांडो कोच जेम्स, मोनी कुमारी, मो. नाजिम, धर्मचंद भगत, संजय सिंह सहित अन्य खेल प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, संतुलन, अनुशासन और प्रदर्शन के आधार पर उनकी परीक्षा ली गई।

मीडिया प्रभारी विकास चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि टेस्ट में सफल खिलाड़ियों को बिहार ताइक्वांडो संघ द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। बेल्ट प्रमोशन टेस्ट में उत्तीर्ण खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है—
येलो बेल्ट: अनामिका आनंद, महिका जायसवाल, अद्विक प्रकाश, स्वर्णिम रंजन
ग्रीन वन बेल्ट: राहुल आनंद
रेड बेल्ट: आदित्य कुमार
रेड वन बेल्ट: रवि शंकर राज
आयोजन के सफल संचालन से खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया तथा खेल के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि भी स्पष्ट रूप से नजर आई।













