



भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के रहमतबाग मोहल्ले में अवैध हथियार निर्माण की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर बिहार एवं पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक नवनिर्मित मकान को घेरकर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में निर्मित एवं अर्धनिर्मित हथियारों के साथ हथियार बनाने में उपयोग होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उक्त स्थान पर अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे थे। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि तैयार किए जा रहे हथियारों का संभावित संबंध आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव से तो नहीं है।

मामले की आधिकारिक पुष्टि सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान की। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद सामान में देसी कट्टे, अर्धनिर्मित हथियारों के पुर्जे, बैरल, ट्रिगर मैकेनिज्म सहित हथियार निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न औजार शामिल हैं। बरामद सामग्री से स्पष्ट होता है कि यह स्थान सुनियोजित तरीके से संचालित मिनी गन फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस अवैध नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा हथियारों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल देखा जा रहा है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना भी की जा रही है।













