5
(1)

भागलपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर 77 हजार रुपये की अवैध निकासी करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार, बांका निवासी अरविंद पासवान ने जोगसर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि मानिक सरकार चौक स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और बाद में उनके खाते से 77 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। शिकायत के आधार पर जोगसर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

कांड के त्वरित उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह की निगरानी तथा नगर-01 पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए पूर्णिया से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय कुमार सिंह और निवास कुमार सिंह, दोनों निवासी पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल, दो वॉशिंग मशीन तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

छापेमारी दल में डीआईयू प्रभारी, जोगसर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एटीएम फ्रॉड के मामलों पर विशेष नजर रखी जा रही है और साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

भागलपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय सतर्क रहें, किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: