



नवगछिया में मैट्रिक परीक्षा के दौरान मंगलवार को बाजार क्षेत्र में करीब दो घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जिससे परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवगछिया बाजार में बड़े वाहनों द्वारा ट्रक एवं ट्रैक्टर से सामान अनलोड किया जा रहा था। इसी कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और देखते ही देखते इंटर स्तरीय प्लस टू विद्यालय से लेकर महाराज जी चौक तथा सावित्री पब्लिक स्कूल तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम के कारण परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई हुई, वहीं अभिभावकों को भी घंटों सड़क पर फंसे रहना पड़ा।

उक्त क्षेत्र में मैट्रिक परीक्षा के तीन केंद्र — रुंगटा बालिका उच्च विद्यालय, बल भारती विद्यालय एवं सावित्री पब्लिक स्कूल — बनाए गए हैं। परीक्षा के चलते सुबह से ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी और अभिभावक क्षेत्र में मौजूद थे। इसी बीच भारी वाहनों द्वारा अनलोडिंग किए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई तथा बाजार पूरी तरह जाम में तब्दील हो गया।

जाम में फंसे कई अभिभावकों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी यातायात व्यवस्था को लेकर पर्याप्त तैयारी नहीं की गई। अभिभावकों ने बताया कि प्लस टू विद्यालय से लेकर महाराज जी चौक तक कहीं भी पुलिसकर्मी तैनात नजर नहीं आए, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

इस संबंध में यातायात थाना अध्यक्ष सुजीत वारसी ने बताया कि बाजार क्षेत्र में तीन से चार ट्रकों द्वारा सामान अनलोड किया जा रहा था, जिसके कारण जाम की समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि वाहन मालिक बाहरी क्षेत्र के थे, जिन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। आगे ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए बाजार क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा अवधि के दौरान बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था जरूरी है, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों और आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।














