



नवगछिया. दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ना और दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने नवगछिया महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। पीड़िता की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के हरिओ गांव निवासी कोकाय सिंह की पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में हुई है।

पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2021 में उसकी शादी श्रीपुर निवासी सुमित कुमार के साथ हुई थी। विवाह के समय उसके पिता द्वारा उपहार स्वरूप लगभग ढाई लाख रुपये नगद, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान दिए गए थे। शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहने लगी, जहां कुछ समय बाद उसे एक पुत्र भी हुआ।

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास गीता देवी, ससुर नरेश सिंह तथा भैंसुर अमित कुमार द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में 50 हजार रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि दहेज की रकम नहीं मिलने पर उसके पति ने 13 फरवरी को दूसरी शादी कर ली और दूसरी पत्नी को घर ले आया। इसके बाद उसे और उसके पुत्र को हथियार का भय दिखाकर घर से निकाल देने की धमकी दी जा रही है।














