



नवगछिया पुलिस जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र में नशे की हालत में पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया निवासी टुन्ना दास के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसका पति टुन्ना दास शराब के नशे में घर पर गाली-गलौज कर रहा है और उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को नशे की हालत में पकड़ लिया। इसके बाद उसे परबत्ता थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

परबत्ता थाना पुलिस ने आरोपी की मेडिकल जांच कराई, जिसमें उसके द्वारा शराब सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।















