5
(1)

भागलपुर : भागलपुर शहर स्थित संवेदनशील समाहरणालय परिसर को बम से उड़ाने की ई-मेल से मिली धमकी आखिरकार अफवाह साबित हुई। इस सूचना के बाद पूरे दिन प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा रहा और जिला प्रशासन तथा पुलिस अलर्ट मोड में नजर आई।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए एक ई-मेल में समाहरणालय परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। समाहरणालय परिसर में डीएम कार्यालय, डीडीसी कार्यालय, समीक्षा भवन सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी शाखाएं संचालित होती हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा लिया गया तथा आम लोगों और कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता एवं डॉग स्क्वॉड की टीम ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हर कोने की बारीकी से जांच की गई, लेकिन जांच के दौरान किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।

एसपी सिटी ने किया स्पष्ट
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बम की धमकी महज अफवाह साबित हुई है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर जांच पूरी होने तक परिसर में आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी भागलपुर व्यवहार न्यायालय को दो बार ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन उन मामलों में भी जांच के बाद कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस साइबर स्तर पर जांच कर रही है, ताकि ई-मेल भेजने वाले की पहचान की जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध सूचना मिलने पर उसकी पुष्टि केवल आधिकारिक स्रोतों से ही करें। फिलहाल समाहरणालय परिसर में स्थिति सामान्य है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क बनी हुई हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: