5
(2)

नवगछिया : आभूषणों की साफ-सफाई और पॉलिश करने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरजिलीय गिरोह का नवगछिया पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 76 हजार रुपये नकद राशि तथा ठगी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को कदवा थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति गांवों में घूम-घूमकर आभूषण साफ करने एवं पॉलिश करने के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं। इसी दौरान आरोपियों ने दो महिलाओं के सोने के आभूषण साफ करने का झांसा देकर अपने कब्जे में लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों द्वारा कदवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर कांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस ने कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत समेली निवासी कुंदन कुमार, चकलामोला निवासी प्रेम कुमार तथा खैरालालचंद समेली निवासी मुन्ना मंडल को गिरफ्तार किया। एसटीएफ के सहयोग से की गई कार्रवाई में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 76,000 रुपये नकद भी बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर ठगी किए गए आभूषणों को नवगछिया स्थित एक आभूषण दुकान से बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरोह विभिन्न जिलों में घूम-घूमकर इसी प्रकार लोगों को निशाना बनाता था।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित घटनाओं की जानकारी जुटाने में लगी है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: