



नवगछिया: खरीक थाना क्षेत्र की एक 23 वर्षीय युवती ने उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री पोस्ट करने का आरोप लगाते हुए साइबर थाना नवगछिया में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन में छोटू उर्फ गंगा (पिता– योगेन्द्र मंडल) को नामजद आरोपी बनाया गया है। युवती के अनुसार पूर्व में दोनों के बीच परिचय था, लेकिन कुछ समय से बातचीत बंद हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसकी तस्वीरों को एडिट कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उस पर आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो अपलोड कर दिए।
युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उसे लगातार धमकी दे रहा है तथा सोशल मीडिया पर बदनाम करने की बात कह रहा है। आवेदन में संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल का लिंक और उपयोग किए गए मोबाइल नंबरों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।

साइबर थाना नवगछिया पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता का कहना है कि इस घटना से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
















