


नवगछिया:
शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान ने नवगछिया क्षेत्र के किसानों को गहरा नुकसान पहुंचाया है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण मक्का एवं गेहूं की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों में भारी मायूसी देखी जा रही है। कई किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं और उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा जिला महामंत्री मुकेश राणा ने कहा कि
“शुक्रवार को आए आंधी-तूफान ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। मक्का और गेहूं की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। किसानों ने पूरे साल मेहनत कर अपनी फसल तैयार की थी, लेकिन एक ही दिन की आपदा ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
मैं राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग करता हूं कि अविलंब प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कराया जाए और जिन किसानों की फसलें नष्ट हुई हैं, उन्हें शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही, सरकार को चाहिए कि किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करे, ताकि वे इस संकट से उबर सकें। अगर समय रहते सहायता नहीं मिली, तो किसानों की आर्थिक स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।”
किसानों ने भी प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद जताई है, ताकि उन्हें इस विपरीत परिस्थिति में सहारा मिल सके।













