


नवगछिया ।
शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर भाकपा (माले) द्वारा नवगछिया के ढोलबज्जा बाजार स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान आयोजित संकल्प सभा में वक्ताओं ने उनके विचारों को आज के दौर में और अधिक प्रासंगिक बताते हुए साम्राज्यवाद-विरोधी विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय ने कहा कि भगत सिंह ने देश को औपनिवेशिक शासन से पूर्ण स्वतंत्रता के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा कि समय के साथ भले ही परिस्थितियां बदली हों, लेकिन ‘इंकलाब जिंदाबाद’, ‘क्रांति अमर रहे’ और ‘साम्राज्यवाद का नाश हो’ जैसे नारे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
वक्ताओं ने बताया कि भगत सिंह ने किशोरावस्था में ही जलियांवाला बाग हत्याकांड जैसी घटनाओं को देखा, जिसने उनके भीतर क्रांति की भावना को और प्रबल किया। उनके जीवन पर करतार सिंह सराभा जैसे क्रांतिकारियों का गहरा प्रभाव पड़ा। साथ ही, व्लादिमीर लेनिन के नेतृत्व में हुई रूसी क्रांति से भी उन्हें प्रेरणा मिली।
सभा में कहा गया कि भगत सिंह की देशभक्ति केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे सामाजिक और आर्थिक बराबरी पर आधारित समाज की स्थापना चाहते थे। उन्होंने समाजवाद और साम्राज्यवाद-विरोध को अपनी विचारधारा का मूल आधार बनाया।
वक्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश में कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा दिया जा रहा है और विदेश नीति में अमेरिका-इजरायल गठजोड़ के प्रति झुकाव दिख रहा है, जो राष्ट्रीय हितों के लिए चिंताजनक है। उन्होंने किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सभा में यह भी कहा गया कि आज का दौर वैश्विक स्तर पर बदलाव का संकेत दे रहा है और साम्राज्यवादी ताकतों के खिलाफ दुनिया भर में विरोध बढ़ रहा है। ऐसे समय में भगत सिंह के विचारों को अपनाकर सामाजिक न्याय और स्वतंत्रता की लड़ाई को आगे बढ़ाना जरूरी है।
कार्यक्रम में प्रखंड कमिटी सदस्य राधेश्याम रजक, जयप्रकाश शर्मा, अशोक मंडल, गुरुदेव सिंह, राजेंद्र पंडित, रविंद्र मिश्र, सुरेश साह, रामबालक राम, श्रवण कुमार, गणेश शर्मा, छोटेलाल शर्मा, भिखारी साह, प्रभु कुमार, पवन जायसवाल, मालिक कुमार मंडल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













