


भागलपुर।
जिले के बगरी चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर चौहद्दी निवासी पंडित नवीन झा की पत्नी, फुआ और फूफा ई-रिक्शा से गोपालपुर में एक रिश्तेदार के यहां पूजा में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान खरीक थाना क्षेत्र के बगरी चौक के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर ने उनके ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरीक में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पंडित नवीन झा की 45 वर्षीय पत्नी प्रीति देवी की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर की पहचान और तलाश की जा रही है।













