


भागलपुर।
लोक आस्था के महापर्व चैती छठ के अवसर पर भागलपुर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की लंबी आयु की कामना की।
घाटों पर भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद के साथ भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सभी प्रमुख घाटों पर आपदा मित्रों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।













