


भागलपुर।
जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। गुरुवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि गैस कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे बैकलॉग की स्थिति लगभग समाप्त हो गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि बुधवार को जिले के करीब 12,800 उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से एलपीजी गैस की आपूर्ति की गई। वर्तमान में जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है। इसके साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली शिकायतों की संख्या में भी काफी कमी आई है।
जिला प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले में कुल 58 एलपीजी गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की 33, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) की 16 तथा भारत गैस (बीपीसीएल) की 9 एजेंसियां शामिल हैं।
सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे (24×7) संचालित है। इसके लिए दूरभाष संख्या 0641-2402871 जारी की गई है, जिस पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें, ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।













