


गला दबाकर हत्या का आरोप, दो बच्चों की मां की मौत से गांव में मातम
जीएस न्यूज़ नवगछिया
नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चापर दियारा गांव में शुक्रवार की रात एक महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रूबी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति मुकेश मंडल को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूबी देवी की शादी वर्ष 2014 में मुकेश मंडल से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आ रही है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति दहेज की मांग को लेकर अक्सर मारपीट करता था। इस विवाद को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी और लड़की पक्ष द्वारा पूर्व में रंगरा थाना में सनहा भी दर्ज कराया गया था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को रूबी देवी अपने मायके फुलकिया (इस्माइलपुर थाना क्षेत्र) में थी। उसे वापस लाने के लिए आरोपी पति वहां गया और उसे अपने साथ चापर दियारा गांव ले आया। इसके बाद शुक्रवार की रात उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पहले महिला के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि रूबी देवी का गांव के ही एक युवक राहुल कुमार के साथ कथित प्रेम प्रसंग था, जिसे लेकर पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर पति नाराज रहता था और इसी के चलते घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं—सत्यम कुमार (8 वर्ष) और शिवम कुमार (6 वर्ष)। बड़े बेटे सत्यम ने घटना के बाद अपने पिता के साथ 3-4 अन्य लोगों के शामिल होने की बात बताई है। पुलिस बच्चे के बयान के आधार पर अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में रंगरा थाना अध्यक्ष विश्व बंधु कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है और आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













