


नवगछिया। बरौनी–कटिहार रेलखंड के काढ़ागोला रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को अज्ञात ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना यार्ड क्षेत्र में पोल संख्या 21/34 के पास रेल ट्रैक किनारे हुई, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की पहचान अररिया जिले के बैरगाछी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर मोहनपुर वार्ड संख्या-9 निवासी सुदर्शन कुमार (18 वर्ष), पिता सत्येंद्र कुमार के रूप में की गई है।

नवगछिया रेल जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। मृतक के पास से पैसेंजर ट्रेन का टिकट बरामद किया गया है, हालांकि वह किस ट्रेन से गिरा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।
परिजनों के अनुसार सुदर्शन कुमार खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां से घर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के चाचा के लिखित आवेदन पर रेल जीआरपी थाना नवगछिया में यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।













