


नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जमालपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमालपुर थाना क्षेत्र के सिसवा निवासी धर्मेंद्र कुमार (उम्र 32 वर्ष) अपने घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर डोरिया दादपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।













