


पूर्णिया। गुड फ्राइडे के अवसर पर जिला पदाधिकारी पूर्णिया अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास परिसर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय पदाधिकारी, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी के स्वच्छ एवं विकसित भारत के सपने को याद करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है।
जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ स्वच्छ भारत की भी परिकल्पना की थी। अब नागरिकों का दायित्व है कि वे गंदगी मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं स्वच्छ रहने, अपने घर, मोहल्ला, गांव एवं कार्यस्थल को साफ रखने तथा प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो घंटे श्रमदान करने का आह्वान किया।
शपथ के दौरान प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं गंदगी नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य को करने देंगे। साथ ही स्वच्छता अभियान को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाने तथा कम से कम 100 अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता जागरूकता को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया गया तथा स्वच्छ भारत मिशन और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान को सफल बनाने हेतु सामूहिक प्रयास की अपील की गई।













