


पूर्णिया। महान हिंदी कवयित्री एवं ‘आधुनिक मीरा’ के रूप में विख्यात महादेवी वर्मा की जयंती के अवसर पर कलाभवन, पूर्णिया के साहित्य विभाग द्वारा रविवार, 5 अप्रैल 2026 को विशेष काव्यमय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम कलाभवन परिसर स्थित साहित्य विभाग में दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होगा।

साहित्य विभाग की मासिक संगोष्ठी के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में कवयित्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। संगोष्ठी में साहित्यकार, विद्यार्थी एवं काव्य प्रेमी महादेवी वर्मा की चयनित रचनाओं का काव्य पाठ प्रस्तुत करेंगे। साथ ही ‘स्त्री विमर्श’ विषय पर स्वरचित कविताओं का पाठ तथा उनके साहित्यिक अवदान और व्यक्तित्व पर वक्ताओं द्वारा संक्षिप्त विचार भी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्णिया विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. कामेश्वर पंकज करेंगे। आयोजन की संयोजिका डॉ. निरुपमा राय ने बताया कि इस संगोष्ठी का उद्देश्य नई पीढ़ी को महादेवी वर्मा के साहित्य, संवेदनशीलता और सामाजिक दृष्टि से परिचित कराना है।

कलाभवन साहित्य विभाग परिवार ने जिले के साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।













