


नवगछिया पुलिस जिला के नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्पूरी बांध स्थित पहाड़पुर चौक हनुमान मंदिर के समीप शनिवार सुबह करीब 5 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने गेहूं फसल कटाई करने बहियार जा रही दो महिला मजदूरों को पीछे से कुचल दिया। हादसे में एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतका की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी गीता देवी (50 वर्ष), पति महेश शर्मा के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल उनकी बहू मिशन देवी (35 वर्ष), पति धीरज शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायल महिला के सीना, चेहरा, सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं सुबह पैदल गेहूं की फसल कटाई करने बहियार जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया था, लेकिन ट्रैक्टर मालिक के दबाव के कारण वाहन को छोड़ दिए जाने की बात सामने आई है।

इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है तथा एक महिला घायल है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि दबंग ट्रैक्टर मालिक के भय से मृतका के परिजन घटना के बाद घर बंद कर कहीं चले गए हैं, जिसके कारण पुलिस मृतका के परिवार से बयान दर्ज नहीं कर सकी है।

नारायणपुर क्षेत्र में अवैध बालू खनन जारी
गौरतलब है कि नवगछिया पुलिस जिला कोसी एवं गंगा नदी के बीच स्थित होने के कारण बालू माफियाओं के लिए संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है। विभिन्न थाना क्षेत्रों के नदी तटों पर उजले बालू का अवैध खनन लगातार जारी रहने की शिकायतें मिलती रही हैं। जिस ट्रैक्टर से हादसा हुआ, उस पर भी उजला बालू लदा बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर कुसहा गांव के एक कथित बालू कारोबारी से जुड़ा बताया जाता है













