


नवगछिया । बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का सोमवार को नवगछिया आगमन हुआ, जहां स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका फूल-मालाओं और अंगवस्त्र के साथ भव्य स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मंत्री ने नवगछिया में स्वीकृत स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में संबंधित खेल पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेडियम निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर, गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे का मजबूत होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सीनेट सदस्य अजय कुशवाहा, किशोर झा, ममता रजक, विक्रम सिंह, कुणाल गुप्ता और रजनीकांत सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे। सभी ने मंत्री को ज्ञानपत्र/ज्ञापन सौंपकर नवगछिया में खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी। मंत्री ने आश्वस्त किया कि स्टेडियम निर्माण कार्य में जल्द ही तेजी लाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ी और खेल प्रेमियों को लाभ मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, सुलतानगंज भाजपा के पूर्वी मंडल के खेरैहिया स्थित प्लस टू स्कूल के समीप भी मंत्री का स्वागत किया गया। उन्हें गाजे-बाजे के साथ फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। मंत्री को रामगुलाम क्रीड़ा प्रांगण में स्टेडियम निर्माण और मौलिक खेल सुविधाओं के विकास को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इस मैदान का क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख खेल स्थल होने के कारण रोजाना युवा, बुजुर्ग और महिलाएं खेल और व्यायाम के लिए आते हैं।
कार्यक्रम में आदेश राय, मनोरंजन मिश्रा, कन्हैया झा, शंकर सिंह, शिव साह, श्याम मंडल, छोटू, रमन और रमेश सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंत्री के आश्वासन से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर देखी गई।













