


भागलपुर दौरे पर पहुंचे जदयू प्रवक्ता सह एमएलसी संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका निर्णय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। यह पूरी तरह से गठबंधन का आंतरिक मामला है।
आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के बल पर दोनों राज्यों में बेहतर प्रदर्शन होगा।
वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा शराबबंदी को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए संजय सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से संबंधित घटनाओं पर सरकार त्वरित कार्रवाई करती है और दोषियों को सख्ती से जेल भेजा जाता है।
संजय सिंह ने बिहार में शराबबंदी के प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जब राज्य में शराब खुलेआम बिकती थी, तो शादी-विवाह जैसे आयोजनों में अव्यवस्था देखने को मिलती थी। लेकिन अब हालात बदले हैं और सामाजिक आयोजनों में अनुशासन बढ़ा है तथा बारात समय पर लगती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था और सामाजिक सुधार के प्रति प्रतिबद्ध है तथा आगे भी जनहित में कार्य करती रहेगी।















