


भागलपुर : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग से आहत होकर 19 वर्षीय नवविवाहिता लाडो खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इलाज के दौरान उसने भागलपुर के मायागंज अस्पताल में दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाडो खातून नया टोला हसनपुर की निवासी थी। उसकी शादी करीब 10 महीने पहले मोहम्मद हासिब (25) से हुई थी, जो पेशे से बिजली मिस्त्री है। बताया जा रहा है कि करीब 10 दिन पूर्व वह अपने पति के साथ मायके आई थी और वहीं रह रही थी।
परिजनों के अनुसार, लाडो खातून का पिछले छह महीने से पड़ोस के युवक गुफरान (पिता—अब्बास) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के दिन दोपहर करीब एक बजे पति ने कथित तौर पर लाडो खातून को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद घर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया जाता है कि पति ने घर का दरवाजा बंद कर अपनी सास बीबी हसीना को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान गुफरान अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया, जहां कथित रूप से मारपीट की घटना भी हुई।
शाम के समय मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई, लेकिन वहां गुफरान ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस घटनाक्रम से आहत होकर लाडो खातून ने कथित तौर पर जहर खा लिया।
गंभीर हालत में उसे पहले अमरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।















