


नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक आंशिक रूप से घायल हो गया।
घटना भवानीपुर चौक से पूरब एनएच-31 पर करीब 3:30 बजे की है। मृतक की पहचान नगरपारा वार्ड संख्या-4 निवासी हिमांशु कुमार (16), पिता स्व. जोगी पासवान के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक सूरज कुमार (20), पिता रवीन पासवान, का इलाज नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
बताया जाता है कि हिमांशु अपने दोस्त सूरज के साथ मधुरापुर बाजार से आलू खरीदकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान खगड़िया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु के सिर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, हिमांशु तीन भाइयों में सबसे छोटा था और दसवीं कक्षा का मेधावी छात्र था। उसके पिता का निधन वर्ष 2011 में हो चुका है।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है, जबकि एक घायल का इलाज जारी है। परिजनों की ओर से आवेदन दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है।














