


पूर्णिया। पूर्णिया की उप महापौर पल्लवी गुप्ता ने मंगलवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष का दोहरा रवैया अब पूरी तरह उजागर हो गया है और देश की महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी।
उन्होंने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं होने के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि विपक्ष ने हमेशा से इस विधेयक को टालने का काम किया है। उनके अनुसार, संसद में विपक्ष के रवैये ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे महिलाओं को उनके अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं।
पल्लवी गुप्ता ने कहा कि आज देश की महिलाएं खेल, विज्ञान, चिकित्सा, सेना और उड्डयन जैसे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी महिलाओं की स्थिति से आंकी जाती है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में महिलाओं को उनका अधिकार अवश्य मिलेगा।
उप महापौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने हमेशा महिला आरक्षण विधेयक को किसी न किसी बहाने से टालने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से यह बिल लंबित है, जो विपक्ष की मंशा पर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं के परिवार के सदस्य राजनीति में आगे बढ़ते रहे, लेकिन गरीब, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की महिलाओं को अवसर नहीं दिए गए। यह महिलाओं के साथ अन्याय है, जिसे देश की महिलाएं कभी नहीं भूलेंगी।
पल्लवी गुप्ता ने कहा कि एनडीए सरकार महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रधानमंत्री पर महिलाओं का विश्वास कायम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में महिला आरक्षण बिल अवश्य पारित होगा और महिलाएं अपने अधिकार हासिल करेंगी।
















