


भागलपुर: जिले के नाथनगर स्थित ललमटिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब श्री चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के समीप नगर निगम के कूड़ा ढोने वाले ठेले में एक 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान ललमटिया निवासी मोहम्मद इजहार के पुत्र मोहम्मद शमीर के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, सुबह सफाईकर्मी कूड़ा उठाने पहुंचे थे, तभी उनकी नजर ठेले में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी। इसके बाद घटना की सूचना तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों ने बच्चे की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को कूड़े के ठेले में फेंक दिया। मृतक के मामा ने बताया कि शमीर के पिता ललमटिया चौक के पास एक मीट की दुकान में कार्यरत हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे ललमटिया इलाके में मातम का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
















