


भागलपुर: नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे व पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना में करीब दस लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल नजदीकी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक पक्ष ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष ने बाहरी बदमाशों को बुलाकर हमला कराया। बताया जा रहा है कि करीब दस की संख्या में आए इन लोगों के हाथों में हथियार थे। हालांकि गोलीबारी नहीं हुई, लेकिन दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार लहराए गए और लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
















