


कटिहार। कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कटरिया त्रिमोहिनी स्थित गंगा-कोसी नदी के संगम क्षेत्र में की गई, जहां से आरोपी के पास से 16.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान भागलपुर जिले के तीनटैंगा निवासी अभिषेक कुमार (पिता- राजू मंडल) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, त्रिमोहिनी संगम क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई।
सूचना मिलते ही कुरसेला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। इस दौरान अभिषेक कुमार संदिग्ध अवस्था में पाया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 16.5 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर शराब को जब्त कर लिया।
इस संबंध में कुरसेला थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस धंधे में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है।
















