


नवगछिया । शनिवार को कटिहार स्थित स्टेशन हेड क्वार्टर में शौर्य संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी भागलपुर, स्टेशन हेड क्वार्टर के एडम कमांडेंट कर्नल प्रणव ओकता, कार्यवाहक स्टेशन कमांडर कर्नल सौरभ सिद्धार्थ तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के क्लर्क सूबेदार अजय कुमार मिश्रा और धनंजय कुमार झा की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर लगभग 39 भूतपूर्व सैनिक, 9 वीरांगना विधवाएं तथा एक वीरनारी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल संजय कुमार ने सभी उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और वीरनारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
कार्यवाहक स्टेशन कमांडर कर्नल सौरभ सिद्धार्थ ने भी सभी की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र समाधान के प्रति प्रतिबद्धता जताई। वहीं ईसीएचएस पॉली क्लिनिक के कर्नल कबिंद्र कुमार मिश्रा ने भी उपस्थित लोगों की समस्याओं को सुना और चिकित्सा से संबंधित हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जल्द ही कटिहार जिले में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय की स्थापना होने जा रही है, जिसमें राज्य सैनिक निदेशालय और जिला प्रशासन कटिहार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के क्लर्क सूबेदार अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा वृद्ध भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं के लिए ‘बयोवृद्ध योजना’ लागू की गई है। इस योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को प्रतिवर्ष एकमुश्त 24 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक पात्र लोग इस योजना का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी वीरांगना विधवाओं और वीरनारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अंततः कार्यवाहक स्टेशन कमांडर कर्नल सौरभ सिद्धार्थ ने सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उपस्थित पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।
















