


भागलपुर स्थित आरटी फॉर्म डांस स्टूडियो में अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रसिद्ध कथक नृत्य गुरु निभाष मोदी, स्टूडियो की संचालिका अन्वेशा चटर्जी, प्रशिक्षक अमर एवं अंजलि सहित दर्जनों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा स्टूडियो परिसर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया, जहां बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना से हुई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात केक काटकर इस विशेष दिन का उत्सव मनाया गया और उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया।
इस मौके पर कथक गुरु निभाष मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नृत्य दिवस हमें अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कारों को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और डिजिटल दुनिया से दूरी बनाकर नृत्य जैसी कलाओं से जुड़ना आवश्यक है। नृत्य न केवल शारीरिक व्यायाम का कार्य करता है, बल्कि मानसिक रूप से भी बच्चों को सशक्त बनाता है, जिससे उनकी स्मरण शक्ति बढ़ती है और पढ़ाई में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में संचालिका अन्वेशा चटर्जी, प्रशिक्षक अमर एवं अंजलि तथा कथक गुरु निभाष मोदी ने संयुक्त रूप से केक काटा और “हम होंगे कामयाब” गीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया, जो पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
इस अवसर पर कुमार नितेश, काव्या, खुशी, राम्या, अव्या, प्रिशा, जैवी, माहम, मायशा, जहान्वी सहित कई अन्य बच्चे उपस्थित थे।
















