


भागलपुर ।चंद्रगुप्त प्रबंध संस्थान, पटना (सीआईएमपी) द्वारा बिहार के युवाओं के लिए करियर एवं कौशल विकास कार्यक्रम ‘सामर्थ्य’ का आयोजन किया जा रहा है। भागलपुर जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम 30 अप्रैल 2026 को टाउन हॉल, भागलपुर में संपन्न होगा। इससे पूर्व इसका सफल आयोजन आरा में किया जा चुका है।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक करियर अवसरों, कौशल विकास और उभरती तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए इसमें विशेष मार्गदर्शन, छात्रवृत्ति एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में एआई आधारित कार्यशालाएं, करियर काउंसलिंग सत्र, कौशल मानचित्रण गतिविधियां तथा प्रमाण पत्र वितरण जैसे महत्वपूर्ण आयोजन शामिल रहेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि ‘सामर्थ्य’ कार्यक्रम बिहार के युवाओं को आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास और अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण या शहरी, सभी युवाओं को समान अवसर और मार्गदर्शन मिले।

सीआईएमपी के निदेशक प्रो. डॉ. राणा सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं की छिपी प्रतिभा को उजागर करने का एक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि छात्रों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना संस्थान की प्राथमिकता है।
सीआईएमपी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुमोद कुमार ने बताया कि छात्रों को एआई जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ छात्रवृत्ति एवं करियर अवसरों की जानकारी देकर उन्हें भविष्य के लिए सक्षम बनाया जाएगा।
वहीं सीआईएमपी के प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस विभाष कुमार ने कहा कि यह पहल युवाओं में नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक परिवर्तन की भावना को मजबूत करेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। ‘सामर्थ्य’ को बिहार के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है, जो उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।
















