


भागलपुर।भागलपुर के तिलकामांझी स्थित लॉ कॉलेज के समीप शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ऑपरेशन के बाद एक मरीज की मौत से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान सरधो, भागलपुर निवासी रितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार रितेश कुमार सिंह स्वयं इलाज के लिए डॉक्टर अभिषेक कुमार के क्लीनिक पहुंचे थे और उनकी हालत गंभीर नहीं थी। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किए जाने के बाद मरीज की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि सुबह अस्पताल प्रशासन मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की बात करने लगा। इसी दौरान डॉक्टर मौके से चले गए। जब परिजनों ने मरीज को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर डॉक्टर के क्लीनिक के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हंगामे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत कराने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















