


भागलपुर।भागलपुर जिले के चर्चित सुल्तानगंज गोलीकांड मामले में जांच लगातार तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी विभाग के डीआईजी जयंत कांत एवं सीआईडी एसपी ने सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा जांच से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं का गहन अवलोकन किया।

जानकारी के अनुसार पुलिस मुठभेड़ में मारे गए मुख्य आरोपी रामधनी यादव की पत्नी नीलम देवी सुल्तानगंज नगर परिषद की उपसभापति हैं। इस तथ्य के सामने आने के बाद मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है तथा जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही हैं।
गौरतलब है कि सुल्तानगंज गोलीकांड के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को पुलिस हथियार बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने अपने सहयोगियों के साथ पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल सीआईडी टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
















