


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर फैल गई है। अपराधियों द्वारा कार्यालय में घुसकर की गई गोलीबारी में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

इस दुखद घटना के बाद भागलपुर स्थित समीक्षा भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि कृष्ण भूषण प्रसाद शांत स्वभाव, सरल व्यक्तित्व और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। वे पिछले एक वर्ष से भागलपुर जिले में अपनी सेवाएं दे रहे थे तथा सुल्तानगंज में पदस्थापन से पूर्व कहलगांव में भी कार्यरत रह चुके थे। उन्होंने कहा कि उनकी असमय मृत्यु प्रशासनिक सेवा के लिए अपूरणीय क्षति है।
गोलीबारी की घटना में घायल नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू का इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा मामले की जांच जारी है।
















